नैनीताल। शहर के स्टाफ हाउस क्षेत्र के होनहार छात्र सुमित फर्त्याल ने उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 92.4 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने प्रदेश की मेरिट सूची में 25वां स्थान प्राप्त कर नैनीताल का नाम रोशन किया है।
सुमित ने भारतीय शहीद सैनिक स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी और अपने उत्कृष्ट परिणाम के दम पर शहर के चुनिंदा छात्रों में जगह बनाई है। खास बात यह है कि शहर के इंटरमीडिएट कॉलेजों में वे अकेले ऐसे छात्र हैं, जिन्हें टॉपर सूची में स्थान मिला है।
उनकी इस सफलता से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने सुमित को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सुमित के पिता चंदन फर्त्याल मल्लीताल स्थित एक ढाबे में कुक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां कमला फर्त्याल पोस्ट ऑफिस में आरडी एजेंट हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सुमित ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े सुमित अब मर्चेंट नेवी में करियर बनाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और समर्थन से वे इस मुकाम तक पहुंचे।
