हल्द्वानी: बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई कल प्रस्तावित है। इसे देखते हुए नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार को पुलिस और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में फ्लैग मार्च निकालकर Area Domination की कार्रवाई की। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
नैनीताल पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत क्षेत्र में Area Domination की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई के साथ लगातार सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके अलावा CCTV कैमरों और स्पेशलाइज्ड ड्रोन के जरिए क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इंद्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इंद्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट समेत कई इलाकों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
फ्लैग मार्च एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में निकाला गया। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च में थाना पुलिस के साथ PAC, एंटी राइट टीम, BDS, फायर सर्विस और ड्रोन टीम सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।
SSP नैनीताल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करें और आगे की कार्रवाई में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली भ्रामक या तथ्यहीन पोस्ट और टिप्पणियों से बचने की अपील की गई है। पुलिस के अनुसार, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से पहले किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि से दूर रहें और क्षेत्र में शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

