जहरीली गैस ने मां और दो बेटों की ली जान
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के गौलापार क्षेत्र के मानपुर पश्चिम गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के बेसमेंट में बनी पानी की टंकी का ढोला खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सरस्वती देवी, उनके बड़े बेटे धर्मेंद्र बिष्ट (40) और छोटे बेटे खुशाल बिष्ट के रूप में हुई है। हादसे के बाद पड़ोसी और स्थानीय लोग तीनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर के बेसमेंट में बनी पानी की टंकी लंबे समय से बंद थी। मंगलवार को जब परिवार के सदस्य टंकी का ढोला खोल रहे थे, तब अंदर जमा जहरीली गैस बाहर निकलने लगी। सबसे पहले एक सदस्य गैस की चपेट में आया और बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दूसरे सदस्य नीचे उतरे, लेकिन वे भी दम घुटने से अचेत हो गए। देखते ही देखते मां और दोनों बेटे जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही चोरगलिया थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
एसडीएम मोनिका आर्य ने बताया कि शुरुआती जांच में लंबे समय से बंद टंकी में जहरीली गैस बनने की आशंका सामने आई है। हालांकि गैस किस प्रकार की थी और उसकी मात्रा कितनी थी, इसका पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी बंद पानी की टंकी, सेप्टिक टैंक या बेसमेंट में बिना सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त वेंटिलेशन के प्रवेश न करें। ऐसे स्थानों पर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे मानपुर पश्चिम गांव में शोक की लहर है। गांव के लोगों का कहना है कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से हर कोई स्तब्ध है।
