देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न सरकारी विभागों में लेखाकार, सहायक लेखाकार, सहायक लेखाकार/कनिष्ठ संपरीक्षक, कार्यालय सहायक (लेखा) और कैशियर कम सहायक लेखाकार समेत कुल 379 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है।
आयोग के अनुसार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 जुलाई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर 15 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन का मौका 18 से 20 अगस्त तक मिलेगा। भर्ती के लिए प्रस्तावित लिखित परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदन के दौरान हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की दोनों तरफ की प्रति, आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) और जिन पदों के लिए अनुभव आवश्यक है, उनका अनुभव प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इस भर्ती के तहत सबसे अधिक 230 पद निदेशालय विभागीय लेखा, उत्तराखंड में सहायक लेखाकार के हैं। इसके अलावा उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) में 75, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में 13, जिलाधिकारी अल्मोड़ा कोषागार में 13, जिलाधिकारी नैनीताल कोषागार में 12 और अन्य विभागों में भी विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
भर्ती में ब्रिडकुल, उत्तराखंड पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन, उत्तराखंड जल विद्युत निगम, उत्तराखंड जल संस्थान, अभियोजन विभाग, कोषागार, पेंशन एवं हकदारी विभाग सहित कई सरकारी विभाग शामिल हैं। पद के अनुसार वेतनमान लेवल-4 से लेवल-6 तक निर्धारित किया गया है। अधिकतम वेतनमान ₹35,400 से ₹1,12,400 प्रतिमाह तक रहेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है। भर्ती से जुड़ी सभी जानकारी और ऑनलाइन आवेदन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

