traffic light
हल्द्वानी/नैनीताल: वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती भीड़ और NEET परीक्षा को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 20 और 21 जून 2026 के लिए विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस का उद्देश्य परीक्षा अभ्यर्थियों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित व सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
पुलिस के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था दोनों दिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। वहीं भारी मालवाहक वाहनों के संचालन पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर आने वाले सभी भारी वाहनों को जनपद सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। जबकि जिले के भीतर से आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय इलाकों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार, खेड़ा चौकी और कालाढूंगी रोड स्थित लामाचौड़ क्षेत्र में रोका जाएगा। बरेली रोड से नैनीताल और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा-काठगोदाम मार्ग से भेजा जाएगा।
रुद्रपुर और पंतनगर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहनों को भी एनएच-109, लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर और गोलापार मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं रामनगर और बाजपुर क्षेत्र से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
पुलिस ने बताया कि दूध, सब्जी और ईंधन जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों का संचालन भी 20 और 21 जून को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा दोनों दिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास मार्ग से डायवर्ट कर मंगोली होते हुए कालाढूंगी मार्ग पर भेजा जाएगा।
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी लेने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
