नैनीताल: वीकेंड पर नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। कैंची धाम, नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। वाहनों की संख्या बढ़ने से विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव बना हुआ है। इसे देखते हुए नैनीताल पुलिस यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में जुटी है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। पुलिस सुबह से ही यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रयास कर रही है। संबंधित थाना, चौकी, सीपीयू और यातायात प्रभारी सहित पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करा रहे हैं।
वीकेंड पर कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नीम करोली बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की है। इसके साथ ही शटल सेवा संचालित कर श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से कैंची धाम भेजा जा रहा है। मंदिर में दर्शन के लिए कतार की व्यवस्था भी की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिसकर्मी प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर यातायात नियंत्रित कर रहे हैं। पुलिसकर्मी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि कैंची धाम में श्रद्धालु अपनी निर्धारित कतार में ही चलें और कतार बदलकर दूसरी लाइन में न जाएं। वाहन चालकों से अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने और यातायात का दबाव होने पर धैर्य बनाए रखने को कहा गया है।
पुलिस ने लोगों से जल्दबाजी में लेन नहीं बदलने, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन नहीं रोकने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने और सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर पार्किंग नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं के सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।



