नैनीताल भवाली की सड़कों में लगा कई किलोमीटर का जाम.
नैनीताल: वीकेंड और लगातार तीन दिनों की छुट्टियों के चलते नैनीताल और प्रसिद्ध कैंची धाम में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। नैनीताल-भवाली, ज्योलीकोट-भवाली और भीमताल-भवाली-रानीबाग मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने 2 से 4 अक्टूबर तक विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी है। इसके बावजूद सड़कों पर वाहनों की भारी भीड़ के चलते यातायात सुचारू बनाए रखने में पुलिस को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
वीकेंड और अवकाश के चलते नैनीताल के साथ कैंची धाम में भी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। इसका असर नैनीताल-भवाली, ज्योलीकोट-भवाली और भीमताल-भवाली-रानीबाग मार्गों पर देखने को मिल रहा है। इन सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई है। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
यातायात का दबाव कम करने के लिए पुलिस ने हल्द्वानी और अल्मोड़ा की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए डायवर्जन की व्यवस्था की है। ऐसे वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़ व मुक्तेश्वर की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि कैंची धाम और भवाली के मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
वहीं, आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए अलग कॉरिडोर की व्यवस्था की गई है, जिससे एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहन प्राथमिकता के आधार पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए निजी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया गया है। हल्द्वानी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जा रहा है। वहीं, नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सेनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है।
इन पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने के बाद श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जा रहा है। दर्शन के बाद वापसी के लिए भी शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दोपहिया टैक्सियों का कैंची धाम क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष यातायात प्लान लागू किए जाने के बावजूद वाहनों की भारी संख्या के कारण कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। अचानक बढ़े यातायात दबाव के चलते पुलिस को यातायात नियंत्रित करने में परेशानी हो रही है। इससे पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस और मीडिया सेल ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम लोगों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने, तय पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और शटल सेवा का लाभ लेने की अपील की है। साथ ही यातायात पुलिस का सहयोग करने को कहा है, ताकि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जा सके।



