नैनीताल: सरोवर नगरी में रविवार को आयोजित 15वीं माउंटेन मानसून मैराथन ने खेल प्रेमियों और धावकों में नया उत्साह भर दिया। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों में दौड़ लगाई। प्रतियोगिता में केन्या के धावक की भागीदारी ने भी आयोजन को खास बना दिया। सुबह से ही डीएसए मैदान में धावकों और उनके साथ पहुंचे लोगों की चहल-पहल शुरू हो गई थी।
सुबह सात बजे मैराथन का शुभारंभ हुआ। सबसे पहले 21 किलोमीटर की मुख्य दौड़ कराई गई, जिसमें 210 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। इसके बाद 10 किलोमीटर, पांच किलोमीटर और बच्चों के लिए चार किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। 10 किलोमीटर में 240, पांच किलोमीटर में 200 और चार किलोमीटर की बाल दौड़ में 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा ‘रन फॉर फन’ में करीब 500 लोगों ने दौड़कर आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।
पहाड़ी रास्तों पर धावकों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। मैराथन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना। दौड़ पूरी होने के बाद डीएसए मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद अलग-अलग आयु और वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों के मुताबिक इस बार मैराथन में पुरस्कार राशि को भी बढ़ाया गया है। पहले विजेताओं को कुल चार लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर इस वर्ष 5.50 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ा।
प्रतियोगिता के 21 किलोमीटर ओपन पुरुष वर्ग में प्रभु महतो ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जॉन किसीलु दूसरे और मुकेश सिंह बोरा तीसरे स्थान पर रहे। कुलदीप नेगी चौथे और मनप्रीत सिंह पांचवें स्थान पर रहे। ओपन महिला वर्ग में ज्योति ने बाजी मारी। भावना नेगी दूसरे और एकता रावत तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि उषा ने चौथा स्थान हासिल किया।
21 किलोमीटर की 40 वर्ष से अधिक आयु पुरुष श्रेणी में हरप्रीत सिंह प्रथम, कलाम सिंह बिष्ट द्वितीय और बिनय साह तृतीय रहे। महिला वर्ग में लीला साह ने पहला, भूमिका रावत ने दूसरा और कल्पना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 50 वर्ष से अधिक आयु पुरुष वर्ग में नंदन सिंह प्रथम, तारा बहादुर थापा द्वितीय और सुनील कुमार तृतीय रहे। इसी आयु वर्ग की महिला दौड़ में वंदना सिंह प्रथम, इंदिरा दीवान गहलोत द्वितीय और स्मिती नेगी तृतीय रहीं।
10 किलोमीटर ओपन पुरुष वर्ग में राम सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। देवेंद्र बिष्ट दूसरे और बीबेन राय तीसरे स्थान पर रहे। भगवत साह चौथे और गगनदीप सिंह पांचवें स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सोनी बोरा प्रथम, मीना कोरंगा द्वितीय और कंचन लोधियाल तृतीय रहीं। दीपशिखा रावत चौथे और बीना बसेरा पांचवें स्थान पर रहीं।
45 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में चंदन सिंह सिरारी प्रथम, राजेंद्र प्रसाद जोशी द्वितीय और शांग एंथनी तृतीय रहे। प्रकाश भट्ट चौथे और सुमित साह पांचवें स्थान पर रहे। महिला वर्ग में जयंती थपलियाल प्रथम, गीता देवी द्वितीय, अर्चना गुसाईं तृतीय, रेनू लिंगवाल चौथे और नंदा भाकुनी पांचवें स्थान पर रहीं।
55 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में चरन सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। राहबीर सांगवान दूसरे और घनानंद पांडे तीसरे स्थान पर रहे। ललित जोशी चौथे और मोहन सिंह पांचवें स्थान पर रहे। महिला वर्ग में रागिनी अग्रवाल प्रथम, सुशीला थापा द्वितीय और कृष्णा चौहान तृतीय रहीं। नीमा बिष्ट चौथे और गीता शुक्ला पांचवें स्थान पर रहीं।
पांच किलोमीटर पुरुष वर्ग में कृष्ण सिंह बिष्ट प्रथम, तनुज उप्रेती द्वितीय और नीरज तृतीय रहे। ललित जनौटी चौथे और दीपक पांचवें स्थान पर रहे। महिला वर्ग में ललिता त्रिपाठी प्रथम, दिया द्वितीय, आरती तृतीय, रजनी चौथे और दिव्या मेहरा पांचवें स्थान पर रहीं।
बच्चों की चार किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में देवेंद्र सिंह बिष्ट प्रथम, आयुष द्वितीय और दिव्यांशु शाही तृतीय रहे। मनीष चौथे और दीपेश बिष्ट पांचवें स्थान पर रहे। महिला वर्ग में मानसी बिष्ट ने प्रथम स्थान हासिल किया। वैष्णवी बिष्ट द्वितीय, आरोही तृतीय, जागृति बिष्ट चौथे और नव्या जोशी पांचवें स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी मुख्य अतिथि रहे। पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, ओलंपियन लतिका भंडारी और उत्तराखंड विधि प्राधिकरण के सदस्य प्रदीप मणि त्रिपाठी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। 15वीं माउंटेन मानसून मैराथन ने एक बार फिर नैनीताल में खेल और पर्यटन के बीच मजबूत जुड़ाव को सामने रखा।

