नैनीताल : नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के बेलुवाखान ब्लॉक के कुण और सोलिया गांव में भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
रविवार को कुण गांव में आयोजित बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को डॉ. आर्य के सामने रखा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के दौरान रास्तों की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
ग्रामीणों का कहना था कि सड़क की सुविधा नहीं होने का सबसे ज्यादा असर आपात स्थिति में देखने को मिलता है। किसी व्यक्ति के बीमार होने, गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने या जरूरी काम के लिए गांव से बाहर जाने में काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया।
इस पर डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सड़क की समस्या के समाधान के लिए वह जल्द संबंधित स्तर पर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए और इसके लिए आवश्यक स्तर पर बात रखी जाएगी। बैठक के दौरान डॉ. आर्य ने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की ओर से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित पेंशन योजनाओं के बारे में बताया और पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
ग्रामीण युवाओं से संवाद के दौरान उन्होंने गौलापार में प्रस्तावित प्रदेश की पहली खेल विश्वविद्यालय के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में युवाओं के लिए ऐसे संस्थान नई संभावनाएं पैदा कर सकते हैं
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की सड़क ।समस्या लंबे समय से उनकी परेशानी का कारण बनी हुई है। बरसात में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे में सड़क का स्थायी समाधान ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार स्तर तक पहुंचाकर समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
ग्रामीणों के साथ इस संवाद को स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। बैठक में सड़क सहित गांव की मूलभूत जरूरतों और सरकारी योजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई।
इस दौरान सुंदर सिंह बिष्ट, नंदन सिंह, जीवन सिंह मेहरा, हरीश सिंह गढ़िया, गोविंद, राजन सिंह, पूरन सिंह, इंद्रा मेहरा, गरिमा मेहता, रेखा बिष्ट , दीपा भट्ट, मनीषा मेहरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


