कैंचीं धाम स्थापना दिवस: बाबा के दर्शन को भक्तों की लगी लम्बी लाइन
नैनीताल। वीकेंड पर श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 26 और 27 सितंबर के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन योजना लागू की है। इसके तहत कैंची धाम तक निजी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा और श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। यहां से शटल सेवा के जरिए श्रद्धालुओं को कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
हल्द्वानी की ओर से भीमताल होते हुए कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।
यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा से वापस निर्धारित पार्किंग स्थल तक लाया जाएगा।
गेठिया और नैनीताल की ओर से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों के लिए भवाली सेनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है।
वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों का अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा सड़क किनारे वाहन खड़ा करने की भी अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
विशेष यातायात एवं डायवर्जन योजना 26 और 27 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस के अनुसार यातायात के दबाव और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जरूरत पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निजी वाहन कैंची धाम तक ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें और शटल सेवा का उपयोग करें। इससे यातायात का दबाव कम करने और जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।



