अल्मोड़ा: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जैंती में शुक्रवार को योग प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय जैंती के प्राचार्य प्रोफेसर संतोष कुमार के संरक्षण में किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के योगाचार्य संजय कुमार ने 60 से अधिक छात्राओं को योग, आसन और प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने छात्राओं को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है।
योगाचार्य ने छात्राओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और अनुशासित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या नंदी पांडे ने योगाचार्य संजय कुमार का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सकारात्मक जीवन मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षिकाएं प्रिया टम्टा, हेमा टम्टा, गरिमा तिवारी, जानकी बिष्ट तथा जगदीश नेगी सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।
