नैनीताल: शहर के मल्लीताल क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां डी.एस.बी. कैंपस में BSC की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा सिमरन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सात नंबर इलाके में हनुमान मंदिर के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सिमरन अपने परिवार के साथ रहती थी, जिसमें उसकी मां, दो भाई और दादी शामिल हैं। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वे मॉल रोड स्थित एक होटल में काम करते थे।
बताया जा रहा है कि घटना देर रात करीब दो से ढाई बजे के बीच की है। उस समय घर के कमरे में सिमरन की दादी भी मौजूद थीं, लेकिन वे सो रही थीं। इसी दौरान सिमरन ने चुन्नी का फंदा बनाकर खुद को लटका लिया। सुबह जब घटना का पता चला तो घर में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोतवाल हरीश चंद्र पंत अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि इस कदम के पीछे की वजह सामने आ सके।
नोट:- खबर प्रारंभिक जानकारी अनुसार लिखी गयी है घटना की अधिकारिक पुष्टि नही की हुई, अपडेट जारी है…..
