नैनी झील में जान देने जा रहे नेपाली मूल के युवक को बचाया.
नैनीताल: नैनीताल की नैनीझील में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। आत्महत्या के इरादे से झील में कूदे एक युवक की जान स्थानीय युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना झील में छलांग लगाकर बचा ली। पिछले दो दिनों में झील में डूबने से दो लोगों की मौत हो चुकी थी। ऐसे में यह तीसरे दिन तीसरी दुखद घटना बन सकती थी, लेकिन समय रहते किए गए साहसिक प्रयास से एक व्यक्ति की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर तल्लीताल डांठ के समीप नेपाली मूल के लोकेश नामक युवक ने अचानक नैनीझील में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि लोकेश तल्लीताल बाजार स्थित एक दुकान में काम करता है।
जैसे ही आसपास मौजूद लोगों ने युवक को झील में कूदते देखा, वहीं मौजूद स्थानीय युवक आयुष भंडारी बिना देर किए उसके पीछे झील में कूद पड़ा। काफी देर तक चले रेस्क्यू प्रयास के बाद आयुष ने लोकेश को सुरक्षित झील से बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आयुष के साहस और सूझबूझ की सराहना की।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों में नैनीझील में डूबने से दो लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में सोमवार को हुई यह घटना भी एक और जानलेवा हादसे में बदल सकती थी, लेकिन स्थानीय युवक की बहादुरी से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना के बाद झील के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। समय रहते की गई इस बहादुरी भरी कार्रवाई ने न सिर्फ एक व्यक्ति की जान बचाई, बल्कि लगातार तीसरे दिन नैनीझील में होने वाली संभावित तीसरी मौत को भी रोक दिया।
