सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक
नैनीताल: नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने कई अहम फैसले लिए हैं। मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तय किया गया कि 1 अगस्त 2026 से नैनीताल की मॉल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में नैनीताल के शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखने के लिए ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती से नियंत्रण करने पर जोर दिया गया।
बैठक में तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के पूरे क्षेत्र को प्रभावी नो-पार्किंग जोन घोषित करने का भी निर्णय लिया गया। पुलिस और परिवहन विभाग को इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि झील के आसपास यातायात सुचारु बना रहे।
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र वाले सरकारी और निजी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। ऐसे वाहनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शहर की पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, बिजली, दुकानें और सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए जिलाधिकारी नैनीताल को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उच्च न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए सभी निर्णयों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लागू किया जाए, ताकि नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक बनाया जा सके।
