दीपक कुमार. (FILE PHOTO)
नैनीताल: तल्लीताल क्षेत्र में नगर पालिका के एक कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार तल्लीताल हरिनगर निवासी दीपक कुमार (32) नगर पालिका में अनुसेवक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले पांच-छह दिनों से कार्यालय नहीं जा रहे थे।
मंगलवार शाम परिवार के सदस्य घर के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान परिजनों ने दीपक को कमरे की बल्ली से गमछे के सहारे लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर हरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को नीचे उतारकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि दीपक कुमार का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में थे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।
