नैनीताल: नैनीताल की लोअर मॉल रोड को करीब एक साल से बंद रखे जाने के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई शुरू हो गई है. लोअर मॉल रोड को 15 अगस्त तक यातायात के लिए खोलने का आश्वासन पूरा नहीं होने पर मां नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने शनिवार शाम चार बजे से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उन्होंने लोअर मॉल रोड पर ग्राउंड जीरो में लेटकर विरोध जताया। व्यापार मंडल ने सड़क को जल्द खोलने की मांग को लेकर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन की ओर से पूर्व में जारी सूचना के अनुसार, 26 जून को अधिशासी अधिकारी रत्नेश सक्सेना ने पुनीत टंडन और मीडिया की मौजूदगी में 15 अगस्त वाले सप्ताहांत तक लोअर मॉल रोड को पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए खोलने का आश्वासन दिया था। इस आश्वासन के बाद व्यापार मंडल ने अपना प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिया था।
हालांकि, निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद लोअर मॉल रोड का काम पूरा नहीं हो सका। व्यापार मंडल का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य पिछले कुछ समय से बंद पड़ा था। सड़क बंद होने के कारण व्यापारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोअर मॉल रोड बंद होने का असर माउंटेन मैराथन की सामान्य रूटिंग पर भी पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क लंबे समय से बंद होने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है और लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
पुनीत टंडन ने कहा कि जब तक लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए नहीं खोला जाता, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने सड़क को जल्द खोलने की मांग की है और चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर व्यापार मंडल आंदोलन को और तेज करेगा।
हालांकि, 14 अगस्त को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता ने पुनीत टंडन को पत्र भेजकर सड़क का काम पूरा करने के लिए समय मांगा था। पत्र में कार्य में सहयोग करने का भी अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद 15 अगस्त तक सड़क नहीं खुलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष ने धरना शुरू कर दिया।
लोअर मॉल रोड नैनीताल शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। सड़क बंद होने से स्थानीय कारोबारियों के अलावा पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। अब व्यापार मंडल के अनिश्चितकालीन धरने के बाद लोअर मॉल रोड को खोलने का मामला एक बार फिर प्रशासन और संबंधित विभाग के सामने प्रमुखता से उठ गया है।

