नैनीताल: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को नैनीताल पुलिस ने जिले के सभी थानों, कार्यालयों और पुलिस इकाइयों में धूमधाम से 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तिरंगा फहराया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को याद किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिसकर्मियों को मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा पूरी लगन के साथ जनसेवा करने का संकल्प लिया।
रेवाधर मठपाल को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नैनीताल पुलिस के एसपी संचार रेवाधर मठपाल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से भी कई अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
इन पुलिसकर्मियों को मिला डीजीपी डिस्क
डीजीपी प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ — सेवा के आधार पर
उप निरीक्षक चंद्रशेखर, जनपद नैनीताल
अपर उप निरीक्षक जानकी वर्मा, जनपद नैनीताल
डीजीपी प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’ — सेवा के आधार पर
अपर उप निरीक्षक हरीश चंद्र, जनपद नैनीताल
डीजीपी प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ — विशिष्ट कार्य के लिए
मुख्य आरक्षी वीरेंद्र राम
आरक्षी शंकर नाथ, कोर्ट पैरोकार
उप निरीक्षक दिलीप सिंह
पहले घोषित सम्मान से भी पुलिसकर्मी हुए अलंकृत
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड की ओर से घोषित डीजीपी डिस्क से भी तीन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एसएसपी नैनीताल ने सम्मानित किया।
इनमें अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता हाईकोर्ट नैनीताल राजेश कुमार भट्ट को सेवा के आधार पर, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल को विशिष्ट कार्य के लिए और आरक्षी मुन्नी देवी लोहानी को सेवा के आधार पर डीजीपी डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया गया।
जिलेभर में पुलिस इकाइयों में हुआ ध्वजारोहण
मुख्य कार्यक्रम के अलावा एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय नैनीताल में ध्वजारोहण किया। वहीं एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने पुलिस बहुद्देशीय भवन हल्द्वानी में तिरंगे को सलामी दी।
इसके अलावा जिले के विभिन्न सीओ कार्यालयों, थानों और फायर स्टेशनों में थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सम्मानित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मान मिलने से अन्य जवानों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नैनीताल पुलिस के जवान इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा और विभाग के हित में कार्य करते रहेंगे।

