नैनीताल: मल्लीताल स्थित धूपकोठी क्षेत्र में पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के दौरान सड़क के नीचे भू धंसाव हो गया था। इसके बाद से क्षेत्र में रहने वाले परिवारों के सामने खतरा बना हुआ है। अब मानसून की बारिश शुरू होने के साथ ही स्थानीय लोगों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। उन्हें डर है कि यदि सड़क और धंसती है तो पास में बने मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले वर्ष इस समस्या को लेकर क्षेत्र की सभासद लता दफौटी ने मौके का निरीक्षण किया था और जल्द कार्य कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि अभी बरसात की शुरुआत है और किसी बड़े हादसे से पहले सुरक्षा कार्य कराया जाना चाहिए, ताकि सड़क और आसपास के मकान सुरक्षित रह सकें।
सभासद लता दफौटी ने बताया कि इस मामले में उनकी लगातार प्रशासन से वार्ता चल रही है। उन्होंने कहा कि उपजिलाधिकारी से भी उनकी बातचीत हुई है। एसडीएम ने नगर पालिका के जूनियर इंजीनियर जेई से स्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा है। स्टीमेट मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
