हल्द्वानी : सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। विजिलेंस टीम ने नैनीताल जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खनन कारोबार से जुड़े वाहनों को रोककर अवैध वसूली करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह सरकारी खनन पट्टे से आरबीएम कार्य करता है और उसके वाहनों को लगातार रोका जा रहा था। आरोप था कि थाना बेतालघाट में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह वाहनों को चालान और सीज करने की धमकी देकर रिश्वत मांग रहा था।
.
.
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया और ट्रैप टीम गठित की गई।
योजना के तहत विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी दीपक सिंह मूल रूप से चकरपुर, खटीमा का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में थाना बेतालघाट में तैनात था। वह हल्द्वानी में किराए के मकान में रह रहा था।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
