हल्द्वानी: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ में एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। बेरीपड़ाव स्थित खुरपिया सरकारी फार्म के भीतर शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका बेरीपड़ाव के गोला गेट क्षेत्र में रहती थी और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की निवासी थी। बताया जा रहा है कि महिला मंगलवार शाम घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी।
महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार को मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की। इसी दौरान खुरपिया सरकारी फार्म के भीतर महिला का शव बरामद हुआ।
शव पर कई गंभीर घावों के निशान पाए गए, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला नशे की आदी थी और अक्सर देर रात घर लौटती थी। पुलिस को आशंका है कि वह किसी कारणवश फार्म के भीतर पहुंच गई होगी, जहां किसी वन्यजीव के हमले का शिकार हो सकती है।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अमित कुमार सैनी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
