हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे में उत्तर प्रदेश के एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक संदिग्ध हालात में बाथरूम के अंदर मृत पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को डायल 112 के जरिए सूचना मिली थी कि कुसुमखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर के पास एक होटल के कमरे में एक युवक बेसुध पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली।
जांच के दौरान कमरे के बाथरूम में लाल साहब पटेल का शव मिला। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है और वह उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मेजा तहसील मरियाहू क्षेत्र का रहने वाला था।
होटल संचालक सुशील जायसवाल ने पुलिस को बताया कि युवक सुबह करीब साढ़े छह बजे होटल में ठहरा था। रात के समय कमरे से अचानक तेज चीखने और चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने दूसरी चाबी से कमरा खोला।
कमरे के अंदर युवक अचेत हालत में पड़ा मिला। बाथरूम और कमरे में उल्टियां फैली हुई थीं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक होटल में अकेला आया था या उसके साथ कोई और भी मौजूद था।
फिलहाल मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
