पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या.
हरिद्वार: लक्सर क्षेत्र के पथरी थाना अंतर्गत पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामले की जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मंदिर में सेवा करने वाले एक व्यक्ति ने दो साधुओं के कई दिनों से लापता होने की सूचना दी थी। साथ ही अनहोनी की आशंका भी जताई गई। सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मंदिर पहुंची और आसपास के इलाके में जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान मंदिर से सटे जंगल में संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई गई। खुदाई में दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दबा दिया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया गया है। घटना के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दो साधुओं की हत्या कर शवों को गड्ढे में दबाने का मामला सामने आया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
