जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में नैनीताल और हल्द्वानी में कांग्रेस का प्रदर्शन.
नैनीताल/हल्द्वानी: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को नैनीताल और हल्द्वानी में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। दोनों शहरों में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई।
नैनीताल के मल्लीताल स्थित पंत पार्क में यूथ कांग्रेस नगर इकाई ने नगर अध्यक्ष बंटू आर्या के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
बंटू आर्या ने कहा कि जंतर-मंतर की घटना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। उनका आरोप था कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्र-छात्राओं और युवाओं पर बल प्रयोग कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई।
पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम कबड़वाल ने कहा कि पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और युवाओं के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत करने के बजाय सरकार ने बल प्रयोग का रास्ता चुना। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं के साथ कथित अभद्रता और लाठीचार्ज से सरकार का “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा सवालों के घेरे में आ गया है।
उधर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और छात्र नेताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि देश का युवा शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहा है, लेकिन सरकार समाधान निकालने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज को लाठी के बल पर दबाने का प्रयास लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है और छात्रों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
