चमोली: विकासखंड नंदानगर के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पास स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से एक किशोर और किशोरी के शव फंदे से लटके मिले। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई।
बताया जा रहा है कि मृतकों में रामणी गांव निवासी कक्षा 12 का 17 वर्षीय छात्र और कक्षा 11 में पढ़ने वाली करीब 16 वर्षीय छात्रा शामिल हैं। सुबह ग्रामीणों को मेला मैदान के मंच पर दोनों के शव लटके होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
नंदानगर थाने के एसआई मनोज भट्ट के मुताबिक, प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या और प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि किशोर की उम्र 17 वर्ष और किशोरी की उम्र करीब 16 वर्ष है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस की ओर से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हालांकि, पुलिस ने अभी घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि घटना की सूचना नंदानगर पुलिस को दी गई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता चल पाएगा।

