नैनीताल : जंगल की आग बुझाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में वन विभाग के कर्मचारी की जान चली गई। शुक्रवार सुबह बिड़ला क्षेत्र में आग की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान आग पर काबू पाने के लिए पहाड़ी पर चढ़े 55 वर्षीय आनंद लाल का पैर फैसल गया और वह खाई में जा गिरा। गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उनके पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं थे, जिससे गिरने के दौरान उन्हें सिर में गम्भीर चोट आई। इस हादसे के बाद लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आग बुझाने वाले कर्मचारियों को बिना हेलमेट और फायर सुरक्षा किट के ही खतरनाक क्षेत्रों में भेजा जाता है। इसी वजह से यह हादसा हुआ है। लोगों ने मौके पर विरोध जताते हुए विभाग से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार कर कार्रवाई की जाएगी।
