हल्द्वानी: हल्द्वानी के फतेहपुर स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कक्षा में पढ़ाई के दौरान एक मासूम छात्र अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा और फिर दोबारा उठ नहीं सका।
घटना के वक्त बच्चा अपने साथियों के साथ कक्षा में बैठा था। अचानक उसे चक्कर आया और वह जमीन पर गिर गया। यह देख बाकी बच्चे घबरा गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर स्कूल का स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत बच्चे के माता-पिता को सूचना दी। परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को तुरंत मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर कर दिया।
परिजन जब बच्चे को एसटीएच लेकर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजनों ने सिटी मजिस्ट्रेट से मिलकर पोस्टमार्टम न कराने की मांग की। उनकी भावनाओं को देखते हुए मजिस्ट्रेट ने पोस्टमार्टम न कराने की अनुमति दे दी।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे मार्मिक दृश्य पोस्टमार्टम हाउस के बाहर देखने को मिला। स्ट्रेचर पर बच्चे का शव रखा था और उसकी मां उससे लिपटकर बिलख-बिलख कर रो रही थी। वह बार-बार अपने बेटे का नाम लेकर उसे उठाने की कोशिश कर रही थी, जैसे अभी वह उठकर जवाब दे देगा। मां एक हाथ से बेटे के सिर को थामे हुए थी और दूसरे हाथ से उसके चेहरे को सहला रही थी। वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें इस दृश्य को देखकर नम हो गईं। यह पल ऐसा था जिसे देखकर कोई भी खुद को संभाल नहीं पाया।
