नैनीताल: नगर में सोमवार को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। पिछले 24 घंटों में नैनीताल में 47 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद नैनी झील का जलस्तर 86.5 फीट से अधिक पहुंच गया। दिनभर मौसम पल-पल बदलता रहा। कभी आसमान में घने बादल छाए रहे तो कभी बारिश के बाद मौसम साफ हुआ और हल्की धूप खिली।
सुबह से ही नगर में बादल छाए हुए थे। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों और नगर के कई हिस्सों में कोहरा भी देखने को मिला। दोपहर के समय करीब एक घंटे तक बारिश हुई। बारिश थमने के बाद कुछ देर के लिए मौसम साफ हुआ और हल्की धूप खिली। इससे मौसम सुहावना हो गया और पर्यटकों ने भी इसका आनंद लिया।
हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने एक बार फिर करवट ली। आसमान में बादल घिर आए और नगर में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। दिनभर मौसम में आए बदलाव के कारण नैनीताल का वातावरण ठंडा और सुहावना बना रहा।
वीकेंड के बाद भी नगर में पर्यटकों की आवाजाही कम नहीं हुई। पिछले दिनों वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। बताया गया कि देर रात करीब 11 बजे तक पर्यटक वाहन नगर की ओर आते रहे। सोमवार को भी बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचे और मौसम का आनंद लिया।
बारिश और बादलों के बीच पर्यटकों ने नैनी झील में नौकायन का भी लुत्फ उठाया। झील के आसपास और माल रोड क्षेत्र में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रही। बदलते मौसम के बीच नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने बारिश, कोहरे और धूप के अलग-अलग रंगों का आनंद लिया।
सोमवार को नगर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बारिश के चलते नैनी झील का जलस्तर बढ़ने से झील क्षेत्र में भी पानी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

