ऋषिकेश: खदरी क्षेत्र में तेज बारिश के बीच बिजली की तार टूटकर सड़क पर गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पार कर रही एक महिला और उसकी दो वर्षीय बच्ची बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में मां और बेटी दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में यूपीसीएल के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली की तार टूटने के बाद भी लाइन बंद नहीं की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
खदरी की ग्राम प्रधान संगीता थपलियाल ने बताया कि घटना रविवार शाम की है। शिव मंदिर गली निवासी सुमन पत्नी हरपाल जेठुड़ी अपनी दो वर्षीय बच्ची के साथ मोटा प्लाट स्थित अपनी बहन के घर गई हुई थीं। रविवार देर शाम तेज बारिश के बीच सुमन अपनी बच्ची के साथ घर लौट रही थीं।
बताया गया कि इसी दौरान रास्ते में बिजली की तार टूटकर नीचे गिर गई थी। बारिश और अंधेरा होने के कारण सुमन को सड़क पर गिरी बिजली की तार दिखाई नहीं दी। जैसे ही वह अपनी बच्ची के साथ वहां से गुजरीं, दोनों तार के संपर्क में आ गईं। करंट लगने से मां-बेटी बुरी तरह झुलसकर मौके पर ही बेसुध होकर गिर गईं।
हादसे के बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल एम्स ऋषिकेश ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला और उसकी दो वर्षीय बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में यूपीसीएल के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली की तार टूटकर सड़क पर गिरने के बाद उसमें करंट दौड़ रहा था, लेकिन बिजली की लाइन बंद नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली की आपूर्ति बंद कर दी जाती तो मां और बच्ची की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रामीणों ने यूपीसीएल के एसडीओ रायवाला क्षेत्र के अधिकारियों पर भी उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बारिश के दौरान बिजली की तार टूटने की स्थिति में तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करना जरूरी था, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया।
वहीं, ऊर्जा निगम ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद ने हादसे के संबंध में बताया कि बिजली की तार टूटने के बाद नीचे बह रहे पानी के संपर्क में आ गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
उन्होंने दावा किया कि तेज बिजली कड़कने के कारण बिजली की लाइन टूट गई और नीचे बह रहे पानी को छू गई। इसी दौरान महिला और बच्ची पानी के संपर्क में आने के कारण करंट की चपेट में आ गईं।
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट ने बताया कि घटना में महिला और उसकी बच्ची की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि महिला के साथ उनका 10 वर्षीय बच्चा भी था, जो घटना के समय उनके पीछे चल रहा था।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों ने बिजली की व्यवस्था और बारिश के दौरान खुले में गिरने वाली बिजली की तारों को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

