नैनीताल: सूखाताल निवासी एवं वन विभाग से सेवानिवृत्त हरीश चन्द्र पन्त (मुन्ना दा) का शनिवार प्रातः निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और उपचार के दौरान हल्द्वानी के सुशीला तिवारी चिकित्सालय में उन्होंने अंतिम सांस ली।
हरीश चन्द्र पन्त अपने सौम्य स्वभाव और सामाजिक कार्यों के लिए नगरभर में विख्यात थे। वे सूखाताल आदर्श रामलीला समिति, श्रीराम सेवक सभा नैनीताल सहित कई सामाजिक संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। पारंपरिक कलाकार के रूप में उन्होंने वर्षों तक श्री नन्दा देवी मूर्ति निर्माण में सहयोग किया। हाल ही में वे राम बारात में भी शामिल हुए थे।
उनकी अंतिम यात्रा आज प्रातः 10 बजे सूखाताल स्थित आवास से पाइंस श्मशान घाट के लिए प्रस्थान करेगी।
उनके निधन पर आदर्श रामलीला समिति और श्रीराम सेवक सभा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। समिति अध्यक्ष गोपाल रावत ने बताया कि हरीश चन्द्र पन्त को श्रद्धांजलि स्वरूप आज सूखाताल में रामलीला का मंचन स्थगित रहेगा। वहीं, कल (रविवार) से रामलीला का मंचन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा।
