नैनीताल: उत्तरायणी पर्व के मद्देनज़र जनपद नैनीताल में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल को लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। जिले के सभी प्रमुख बाजारों, मेला स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान भी प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
इसी क्रम में एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी और सीओ हल्द्वानी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता एवं अन्य पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से तिकोनिया, मंगल पड़ाव, सदर बाजार, मीरा बाजार सहित अन्य व्यस्त इलाकों में चेकिंग की। पुलिस द्वारा लगातार फुट पेट्रोलिंग और एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
चेकिंग अभियान के दौरान अराजकता फैलाने या नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 लोगों के खिलाफ 81 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अलावा जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भी लगातार चेकिंग अभियान जारी है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आमजन बिना किसी भय के उत्तरायणी पर्व का आनंद ले सके। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चेकिंग के दौरान सहयोग करें, आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी या कंट्रोल रूम को दें।
