नैनीताल: जनपद नैनीताल में लगातार पड़ रहे घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाए हैं। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भाबर क्षेत्र की चार तहसीलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर तहसील क्षेत्रों में कक्षा 1 से 5 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी प्राथमिक विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र 16 और 17 जनवरी 2026 को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अवकाश की सूचना समय रहते सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अभिभावकों तक पहुंचाई जाए। साथ ही आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
