नैनीताल: नैनीताल स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। घटना के दौरान तेज बदबू और हल्के धमाकों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के होश उड़ा दिए।
मिली जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी कार्यालय और सिविल कोर्ट के पास बने SSP कार्यालय में दोपहर करीब 12:15 बजे मीटर की तार जलने की बदबू आने लगी। इसी दौरान हल्का धमाका हुआ, जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर जाकर देखा गया तो मीटर में आग लगी हुई थी।
स्थिति बिगड़ने से पहले ही कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पा लिया। इसके साथ ही तुरंत विद्युत विभाग और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल शटडाउन लिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रोक दी गई।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हाइडिल विभाग के कर्मचारी कंचन जोशी ने बताया कि SSP कार्यालय की बिजली सप्लाई का मीटर पूरी तरह फुंक गया था। शटडाउन लेकर जले और चिपके तारों को अलग किया गया और जांच के बाद दोबारा फिटिंग की गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति को फिर से सुचारू करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि अधिक लोड या ढीले तार के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे मीटर में आग लग गई। इस दौरान सूखाताल से शटडाउन लेने के कारण पूरे शहर में करीब एक घंटे तक बिजली गुल रही।
