हल्द्वानी: हल्द्वानी में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और सख्त कार्रवाई सामने आई है। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आम के पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के बदले 12 हजार रुपये मांगने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने जानकारी दी कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से आम के पेड़ खरीदे हैं और उनकी कटाई के लिए विभागीय अनुमति जरूरी थी। इसी प्रक्रिया में आरोपी अधिकारी ने कथित तौर पर रिश्वत की मांग की।
शिकायत की जांच के बाद मामला सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान ने ट्रैप टीम बनाकर कार्रवाई की। गुरुवार को किच्छा स्थित उद्यान विभाग के कार्यालय में जाल बिछाकर आरोपी को पैसे लेते समय पकड़ लिया गया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
