हल्द्वानी : आयोजित जिला योजना बैठक के दौरान बीजेपी विधायक बंशीधर भगत का बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए साफ कहा कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो 2027 के चुनाव में मुश्किलें बढ़ सकती हैं और सिर्फ “मोदी-मोदी” कहने से काम नहीं चलेगा।
यह बयान उन्होंने प्रभारी मंत्री खजान दास की मौजूदगी में दिया। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 70 करोड़ रुपये से अधिक की जिला योजना को मंजूरी दी गई, जिसमें विभिन्न विभागों के विकास कार्यों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान बंशीधर भगत ने खास तौर पर जल जीवन मिशन को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में इस योजना की स्थिति बेहद खराब है और लोगों को पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने इसे “त्राहिमाम” जैसी स्थिति बताया।
उन्होंने कहा कि पहले सड़कों को खोदा गया, फिर नलकूप और ओवरहेड टैंक बनाने का काम शुरू हुआ, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी काम अधूरा है। लोगों को आज भी टूटी और खराब सड़कों से गुजरना पड़ रहा है।
हालांकि उन्होंने अधिकारियों पर सीधे आरोप नहीं लगाए, बल्कि समस्या की जड़ बजट की कमी को बताया। उन्होंने मंत्री से मांग की कि या तो पर्याप्त बजट दिया जाए या कुछ कामों को फिलहाल रोककर जरूरी कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
विधायक ने यह भी कहा कि उनके क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्याएं पानी और सड़क हैं, जिनका समाधान होना जरूरी है। बाकी मुद्दों पर बाद में ध्यान दिया जा सकता है।
बैठक में विभिन्न विभागों के लिए बजट प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिसमें लोक निर्माण विभाग को 10 करोड़, जल संस्थान को 6 करोड़, युवा कल्याण को 5.80 करोड़, सिंचाई विभाग को 4.25 करोड़, उद्यान विभाग को 4 करोड़, पशुपालन विभाग को 3.10 करोड़, नलकूप विभाग को 3.12 करोड़ और कृषि विभाग को 2.40 करोड़ रुपये शामिल हैं।
