हल्द्वानी: प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को हल्द्वानी में विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाते हुए शहर के प्रमुख पिज्जा आउटलेट्स और राजकीय मेडिकल कॉलेज की मेस में छापेमारी कर सैंपलिंग की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय सिंह के नेतृत्व में टीम ने कई पिज्जा दुकानों पर पहुंचकर सॉस, पनीर और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए। इस दौरान किचन की साफ-सफाई, स्टोरेज और गुणवत्ता मानकों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें।
इसके अलावा टीम राजकीय मेडिकल कॉलेज की मेस भी पहुंची, जहां खाने की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। यहां दो अलग-अलग मेस से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही दुकानों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की भी जांच की जा रही है। बिना लाइसेंस संचालन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
