हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव कर दिया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जायसवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार नई समयसारिणी तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है, जो 15 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी।
अब सभी स्कूलों में प्रार्थना सभा सुबह 6:45 बजे आयोजित होगी, जबकि कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:00 बजे तक संचालित की जाएंगी।
प्रशासन का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ने की आशंका थी। ऐसे में यह निर्णय छात्रों को गर्मी से राहत देने और सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
इस बदलाव से अभिभावकों को भी राहत मिलेगी, क्योंकि अब बच्चों को दोपहर की तेज गर्मी में घर लौटने की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।

