नैनीताल: भवाली रोड पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब पर्यटकों से भरी एक थार कार अनियंत्रित होकर 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा पाईंस क्षेत्र के पास करीब सवा बारह बजे हुआ, जब वाहन भवाली से नैनीताल की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे लगे पैराफिट को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला।
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत बीडी पांडे अस्पताल, नैनीताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कार में सवार 2 लोग राजस्थान से आए पर्यटक थे। म्रितक की पह्चान हल्द्वानी निवासी 21 वर्षीय राहुल के रुप में हुई है, जिसकी अस्पताल पहुंचने पर मृत्यु हो गई। जबकि 20 वर्षीय युवराज सिंह और 24 वर्षीय अरविंद बुरी तरह से घायल हो गए।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
