उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश और ठंडी हवाओं से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं तेज अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना चिंता बढ़ा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर 3600 मीटर से अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
..
.
प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने का अनुमान है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।
राजधानी देहरादून में दिनभर आसमान साफ और आंशिक बादलों के बीच बदलता रहेगा। कुछ इलाकों में शाम के समय हल्की बारिश और गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं। देहरादून का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई इलाकों में फलदार पेड़ों और बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि ओलावृष्टि से उनकी फसलें बर्बाद हो गई हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।
