खैरना में युवक की आत्महत्या
बेतालघाट / नैनीताल: बेतालघाट क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खैरना चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई जांच को निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
जानकारी के अनुसार, बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली गांव निवासी बालम सिंह बिष्ट का 28 अप्रैल को खैरना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के साथ विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि वह नदी और पहाड़ी का वीडियो बना रहा था, इसी दौरान पुलिस से उसकी बहस हो गई। बाद में पुलिस ने उसका मेडिकल कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने पर पुलिस एक्ट में चालान कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
…..
………
परिजनों का आरोप है कि घर लौटने से पहले बालम सिंह ने अपनी बहन और जीजा को फोन कर बताया था कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया, उसका सिम कार्ड तोड़ दिया और पांच हजार रुपये भी छीन लिए। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मृतक की बहन मुन्नी जलाल की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।
….
…..
एसएसपी नैनीताल ने मामले में खैरना चौकी प्रभारी रमेश पंत समेत संबंधित पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, मृतक की बहन मुन्नी जलाल ने अपने भाई को न्याय दिलाने की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। भवाली क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य और संजय बोहरा भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव समर्थन देने का भरोसा दिलाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
