सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई चोरी की पूरी घटना.
नैनीताल: मामला भवाली मार्ग स्थित एक डेरी के बाहर का है। बताया जा रहा है कि व्यापारियों की सुविधा के लिए डेरी के बाहर दूध के क्रेटों के पास करीब 10 किलो पनीर रखा गया था। यह पनीर दिनभर की बिक्री के दौरान जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल करने के लिए सुरक्षित जगह पर रखा गया था। लेकिन इसी दौरान वहां पहुंचे तीन बाहरी युवकों की नजर इस सामान पर पड़ गई।
…
.
सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है। फुटेज के अनुसार तीनों युवक कुछ देर तक डेरी के आसपास घूमते रहे और आसपास का माहौल देखते रहे। इसके बाद एक युवक धीरे-धीरे आगे बढ़ा, पहले इधर-उधर नजर दौड़ाई और मौका मिलते ही खाली क्रेटों के बीच रखा पनीर से भरा बैग उठाकर तेजी से सड़क की तरफ भाग निकला। उसके पीछे बाकी दोनों युवक भी तुरंत वहां से निकल गए।
कुछ ही सेकंड में पूरी वारदात को अंजाम देकर तीनों युवक मौके से फरार हो गए। जब व्यापारियों ने बाद में अपना स्टॉक चेक किया तो पनीर गायब मिला। शक होने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आ गई।
..
मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दी गई है। स्थानीय व्यापारी पंकज जोशी ने कहा कि पर्यटन सीजन में व्यापार बढ़ता है और बाहर से आने वाले लोगों पर भरोसा करना पड़ता है, लेकिन इस तरह की घटनाएं पूरे क्षेत्र की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
व्यापारियों ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी पर्यटक इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
