योगनगरी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा-तीन डिब्बे पटरी से उतरे.
उत्तराखंड/ऋषिकेश :
घटना रात करीब उस समय हुई जब ट्रेन स्टेशन पहुंचने के बाद वॉशिंग लाइन ट्रैक पर शंटिंग की जा रही थी। अचानक ट्रेन की गति बढ़ गई और देखते ही देखते वह एंड पॉइंट की ओर तेजी से बढ़ने लगी। कुछ ही क्षणों में जोरदार धमाके के साथ ट्रेन बफर स्टॉप से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इंजन के पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के खांड गांव और अन्य क्षेत्रों के लोग घबरा गए। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। क्योंकि घटना उस समय हुई जब ट्रेन यात्रियों के लिए संचालन में नहीं थी और वॉशिंग लाइन में खड़ी थी।
जानकारी के अनुसार उज्जैनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर शाम को योगनगरी स्टेशन पहुंची थी। इसके बाद ट्रेन को वॉशिंग लाइन में ले जाया गया, जहां शंटिंग प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हो गया। यही ट्रेन 19 मई की सुबह उज्जैन के लिए रवाना होने वाली थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन अचानक असामान्य गति से आगे बढ़ने लगी। कुछ दूरी तय करने के बाद डिब्बों में जोरदार झटका लगा और ट्रेन पटरी छोड़ते हुए आगे बने अवरोधक से टकरा गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल इलाके को खाली कराया और सुरक्षा के लिहाज से ट्रैक पर आवाजाही रोक दी गई। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि योगनगरी-रायवाला मुख्य ट्रैक इस हादसे से प्रभावित नहीं हुआ है।
प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तकनीकी खराबी या शंटिंग के दौरान हुई लापरवाही मानी जा रही है। हालांकि रेलवे प्रशासन फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहा है। रेलवे की तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है और क्षतिग्रस्त ट्रैक व डिब्बों का निरीक्षण किया जा रहा है।
घटना के बाद राहत और मरम्मत कार्य भी शुरू कर दिया गया है। वहीं हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनको लेकर लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है।

