राष्ट्रीय/नई दिल्ली:
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि वैश्विक तनाव और युद्ध जैसे हालातों के कारण क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं। खास तौर पर होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में हालात सामान्य नहीं होने की वजह से तेल सप्लाई पर दबाव बना हुआ है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। इसी वजह से तेल कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है और कंपनियां लगातार कीमतों में संशोधन कर रही हैं।
इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई थी। माना जा रहा है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में ईंधन और महंगा हो सकता है।
नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। राजधानी में पेट्रोल पर करीब 87 पैसे और डीजल पर 91 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।
मुंबई में भी तेल की कीमतों में इजाफा हुआ है। यहां पेट्रोल 107.59 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे और डीजल 94 पैसे महंगा हुआ है।
कोलकाता में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां पेट्रोल के दाम 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। वहीं डीजल की कीमत 96.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
चेन्नई में भी पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। यहां पेट्रोल 104.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर परिवहन, खेती और रोजमर्रा के खर्चों पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
