उत्तराखंड/
हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है।
गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को जरूरी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हीटवेव जैसी स्थिति से निपटा जा सके।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दूसरी तरफ टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत और चमोली के निचले इलाकों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
.
20 मई को भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रह सकता है। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंचने की संभावना है, जबकि पर्वतीय जिलों के कई इलाकों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मौसम विभाग ने 21 और 22 मई के लिए भी इसी तरह का पूर्वानुमान जारी किया है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है। वहीं देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में भी तेज गर्मी पड़ सकती है। टिहरी, अल्मोड़ा और चंपावत में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है।.
.
.
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि लोगों को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। खासकर दोपहर के समय बिना जरूरत धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त इंतजाम रखने को कहा गया है।
इसके अलावा पेयजल और बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। स्कूलों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए जरूरी सावधानियां बरतने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि गर्मी का असर इन पर सबसे ज्यादा पड़ सकता है।
