हरिद्वार जिला अस्पताल की गंदगी देख भड़के स्वास्थ्य मंत्री, सीएमएस को लगाई जमकर फटकार
हरिद्वार जिला अस्पताल की गंदगी देख भड़के स्वास्थ्य मंत्री, सीएमएस को लगाई जमकर फटकार
हरिद्वार : निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को जमकर फटकार लगाई और साफ शब्दों में कहा कि अस्पताल की हालत बेहद खराब है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सीएमएस डॉ. आरवी सिंह से नाराजगी जताते हुए कहा, “आपके वॉशरूम की क्या हालत है? सफाई करने में क्या दिक्कत है? अस्पताल कम और कूड़ाघर ज्यादा लग रहा है।” मंत्री की सख्त टिप्पणी के बाद अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि स्वास्थ्य मंत्री हरिद्वार में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के जिला अस्पताल का निरीक्षण करने का फैसला लिया। उनके अचानक अस्पताल पहुंचने की जानकारी मिलते ही डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी, खराब रखरखाव और कई व्यवस्थागत कमियां सामने आईं। मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा और व्यवस्थाओं में तुरंत सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी और गैरसरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता होनी चाहिए और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने यह भी कहा कि अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जहां भी लापरवाही मिलेगी वहां जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से सुबोध उनियाल लगातार अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं और व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश और चेतावनी दे रहे हैं।
