काशीपुर: काशीपुर की कुमाऊं कॉलोनी कचनालगाजी क्षेत्र में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां रहने वाली वैष्णवी ने अपने पिता जीत प्रकाश पर उसके और उसकी मां के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पिता ने शराब के नशे में उसके पेट पर लात मारी, जिसके बाद उसका डेढ़ महीने का गर्भ गिर गया।
.
पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले करीब 10 साल से अपनी मां सरिता के साथ पिता से अलग रह रही है। आरोप है कि 16 मई की रात उसके पिता शराब पीकर घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने मां-बेटी के साथ मारपीट की।
.
.
तहरीर के अनुसार मारपीट के दौरान पिता ने उसके पेट में लात मार दी। अगले दिन 17 मई को जब वह अस्पताल में जांच कराने पहुंची तो डॉक्टरों ने बताया कि उसकी प्रेग्नेंसी मिसकैरेज हो चुकी है। डॉक्टरों ने सफाई कराने की सलाह भी दी।
पीड़िता का कहना है कि उसके पिता पहले भी कई बार मारपीट कर चुके हैं। हर बार माफी मांगकर मामला शांत करा दिया जाता था, लेकिन कुछ समय बाद उनका व्यवहार फिर से बदल जाता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए काशीपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी जीत प्रकाश के खिलाफ गर्भपात कराने, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
