हल्द्वानी: टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और वन विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेवा लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हत्या कुल्हाड़ी से की गई है।
मेवा लाल मूल रूप से कौशांबी के रहने वाले थे और वन विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
