हल्द्वानी: हल्द्वानी और खटीमा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कई विकास योजनाओं की शुरुआत करते हुए पत्रकारों, युवाओं और महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी में आधुनिक मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया, जबकि खटीमा में लाइब्रेरी और व्यायामशाला समेत कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
हल्द्वानी में बनने वाला अत्याधुनिक मीडिया सेंटर करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं और सरकार उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नया मीडिया सेंटर कुमाऊं क्षेत्र के पत्रकारों को आधुनिक संसाधनों और बेहतर कार्य वातावरण की सुविधा देगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना पत्रकारों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज को दिशा देने का कार्य करता है और सरकार पत्रकारों के हितों को लेकर संवेदनशील है।
.
.
इसके बाद मुख्यमंत्री खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 89 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। ब्लॉक परिसर में हाईटेक दीदी लाइब्रेरी और आधुनिक व्यायामशाला का उद्घाटन करते हुए उन्होंने छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाइब्रेरी युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को बेहतर अध्ययन सामग्री और शांत वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी, जिससे महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 7 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तैयार आधुनिक व्यायामशाला भवन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को फिट और स्वस्थ रहने के लिए खेल और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
