हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून व्यवस्था, चारधाम यात्रा, ट्रैफिक और जनसुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने खुले में नमाज पढ़ने के मुद्दे पर भी स्पष्ट बयान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नमाज पढ़ने पर किसी प्रकार की रोक नहीं है, लेकिन यह केवल तय और चिन्हित स्थानों पर ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक गतिविधि के कारण आम लोगों, यात्रियों या श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
.
.
सीएम धामी ने कहा कि इस समय प्रदेश में चारधाम यात्रा चल रही है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, पार्किंग, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है ताकि उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़े मामलों का तेजी से निस्तारण किया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
खुले में नमाज वाले बयान के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से इस मुद्दे पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री के बयान के बाद यह मामला राज्यभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
