देहरादून: राज्धनी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को आज पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगी।
भगत सिंह कोश्यारी को सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक दिए गए योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जा रहा है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले भगत दा को उत्तराखंड में एक सादगीपूर्ण और जनप्रिय नेता के रूप में जाना जाता है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे भगत सिंह कोश्यारी ने शिक्षा, समाजसेवा और राजनीति के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया। उन्होंने वर्ष 1966 में पिथौरागढ़ में सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना कर दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की थी।
वे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहने के साथ-साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा राज्यसभा सांसद और नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सीट से सांसद के रूप में भी उन्होंने कार्य किया।
पद्म भूषण सम्मान मिलने की खबर के बाद उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया है।
