भीमताल: नौकुचियाताल क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झील में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सुबह सैर और नौकायन के लिए पहुंचे लोगों ने पानी में शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार झील किनारे मौजूद नाव चालकों की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास है। उसने पैंट और टी-शर्ट पहन रखी थी। शुरुआती जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि शव एक-दो दिन पुराना हो सकता है। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों और आसपास के होटलों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। शव को झील से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों और क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
